नियामताबाद। अलीनगर थाने की पुलिस ने बुधवार को रेवसा रिंग रोड के पास ट्रक से सात लाख रुपये का 79 किलोग्राम से अधिक गांजे के साथ तस्कर दीपचंद्र को पकड़ा। उस पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। अलीनगर थाना प्रभारी क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी बीच सूचना मिली कि एक व्यक्ति ट्रक में गांजा लेकर गोधना होते हुए बिहार की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम रेवसा रिंग रोड के समीप पहुंची। जहां बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच पड़ताल करने लगी।
इसी बीच पुलिस ने एक ट्रक की जांच पड़ताल शुरू की। जिसके केबिन और डाले के बीच बनी रैक में कुल 37 बंडलों में 79:5 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी औरैया जिले के बिधूना थाना क्षेत्र के बहेवा निवासी दीपचंद्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर अगली कार्रवाई में जुट गई। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर गांजा लेकर बिहार बेचने जा रहा था। जिसे पकड़ लिया गया है। बरामद गांजे की कीमत सात लाख है। आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।