धानापुर। क्षेत्र के करजरा गांव में शनिवार की रात एक ही परिवार के चार सदस्यों के शनिवार की रात मुंबई से आने की सूचना मिलने पर प्रशासन के लोग सक्रिय हो गए। देर रात परिवार के एक सदस्य को खांसी सहित सांस लेने के कठिनाई होने की शिकायत हुई। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पीड़ित सहित परिवार के सभी सदस्यों को जांच कराने के लिए जिला अस्पताल भेजवा दिया है।
गांव निवासी परिवार के चारों सदस्य मुंबई में रहते थे। वे मुंबई से शनिवार की सुबह ट्रेन से यात्रा कर अपने घर वापस लौटे। यहां रात के दस बजे के लगभग उनमें से एक युवक को सीने में दर्द, खांसी व कमजोरी के साथ सांस लेने में कठिनाई होने की शिकायत हुई। परिवार के सदस्यों ने इसकी सूचना स्थानीय सीएचसी पर दी। सूचना मिलने के बाद डॉ. अजय कुशवाहा के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम उनके घर पर पहुंची। यहां आशंका होने पर टीम के सदस्यों ने परिवार के चारों सदस्यों को एंबुलेंस से जांच के लिए जिला चिकित्सालय भेजवा दिया। इस संबंध में डा. अजय कुशवाहा ने कहा कि चारों सदस्यों ने ट्रेन में एक साथ सफर किया था। इसलिए चारों को जांच के लिए भेजा गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम में बब्बन राम, सुशील कुमार शामिल रहे।