मुख्यालय के नागरिकों और व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को जिलाधिकारी कुमार प्रशांत से मिला। लोगों ने जगदीशसराय से लीलापुर तक ओवरब्रिज निर्माण की गुहार लगाई। कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण के दौरान जगदीशसराय से लीलापुर तक ओवरब्रिज बनने से छोटे व्यवसायियों को रोजगार के लिए उचित स्थान मिल जाएगा और नगरवासियों को जाम से निजात मिल सकेगी।
इस दौरान उन्होंने ने कहा कि एनएच-2 चौड़ीकरण योजना अंतर्गत पूर्व में जीटी रोड स्थित व्यापारियों और भवन स्वामियों के मकान को गिराकर फोरलेन की सड़क बनाई गई। इस दौरान कुछ लोगों को मुआवजा मिला, लेकिन अधिकांश लोगों को इससे वंचित रखा गया। उधर नगर में प्रतिदिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे जिला मुख्यालय पर आने वाले लोगों को भारी असुविधा होती है। यदि वर्तमान में पुन: जिला मुख्यालय पर सड़क चौड़ीकरण के नाम पर तोड़-फोड़ की गई तो कई परिवार बेघर हो जाएंगे, वहीं कई व्यापारियों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट पैदा हो जाएगा। आरोप लगाया कि हाइवे चौड़ीकरण करते समय पूर्व में जो डिजाइनिंग की गई, वह गलत है। मांग किया कि वर्तमान में जिस नक्शे पर सड़क बन रही है, उसे तत्काल रोका जाए। इस मौके पर श्याम नारायण साहू, हरिश्चन्द्र अग्रहरि, राहुल गुप्ता, संतोष जायसवाल, ओपी गुप्ता, नावेद आदि उपस्थित रहे।