पीडीडीयूनगर। यूपी में ऑक्सीजन की किल्लत दूर करने के लिए रविवार की रात बोकारो से दूसरी आक्सीजन रेल स्थानीय स्टेशन पर पहुंची। यहां आरपीएफ, वाणिज्य विभाग के अधिकारियों ने जीतेगा इंडिया नारे के साथ प्लेटफार्म संख्या तीन पर स्वागत किया। दस मिनट के ठहराव के बाद यह ट्रेन लखनऊ के लिए रवाना हो गई।
देश में ऑक्सीजन की किल्लत दूर करने के लिए इसे एक से दूसरी जगह पहुंचाने के लिए रेलवे ने कदम बढ़ाया है और ऑक्सीजन रेल शुरू की है। इसके तहत 23 अप्रैल को झारखंड के बोकारो से तीन टैंकर लेकर ऑक्सीजन रेल स्थानीय स्टेशन से गुजरी थी। इसी क्रम में दूसरी रैक रविवार की रात 12.23 बजे स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या तीन पर पहुंची। यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। लगभग 10 मिनट स्टेशन पर रुकने के बाद ट्रेन लखनऊ के लिए रवाना हुई। इस दौरान स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल, वाणिज्य विभाग और स्टेशन अधीक्षक कार्यालय के लोगों ने जीतेगा भारत के नारे के साथ ट्रेन का स्वागत किया। सुरक्षा के मद्देनजर डीजल इंजन ट्रेन के जरिए ले जाया गया। इसके अलावा रेल रूट से गुजरने वाले ओएचई वायर में भी इलेक्ट्रिक सप्लाई को रोका गया है, ताकि टैंकर की अधिक हाइट की वजह से कोई दुर्घटना न हो। इस दौरान आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार, एसआई मुकेश कुमार, अमरजीत दास सहित अन्य लोग रहे।