पड़ाव (चंदौली)। जिले की सीमा से सटे वाराणसी के सूजाबाद में कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद बहादुरपुर सहित चार गांवों को हाई अलर्ट मोड पर रखा गया है। बृहस्पतिवार को सीमाएं सील करने के बाद दूसरे दिन शुक्रवार को भी वाराणसी-चंदौली की सीमा पड़ाव पर चौकसी और बढ़ा दी गई है। पड़ाव चौराहे से भूपौली मार्ग पर बहादुरपुर गांव के सामने और आसपास की गलियों को जाली लगाकर पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। किसी भी दशा में लोगों को बाहर निकलने पर पूरी तरह से पांबंदी लगा दी गई है।
पड़ाव चौराहे पर सन्नाटा फैला हुआ है। वहीं चौराहे से रामनगर और वाराणसी मार्ग पर भी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है। पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से सतर्कता बरत रहा है। शुक्रवार को दोपहर में डीएम नवनीत सिंह चहल और एसपी हेमंत कुटियाल ने पूरे इलाके का भ्रमण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था का हाल जाना। डीएम और एसपी पड़ाव चौराहे से बहादुरपुर गांव के अलावा आंशिक रूप से सील किए गए चौरहट, रतनपुर, मढ़िया और जलीलपुर का भी निरीक्षण किए। वहीं रामनगर मार्ग पर साहूपुरी मार्ग तक जायजा लिया। डीएम और एसपी ने पड़ाव चौराहे पर तैनात अधीनस्थों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और लाकडाउन का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए।
घर-घर हुआ थर्मल स्क्रीनिंग, राशन वितरण शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
पड़ाव। वाराणसी सीमा से सटे जिले के बहादुरपुर गांव को पूरी तरह से सील करने के साथ ही चार अन्य गांवों को आंशिक रूप से पूरी तरह बंद करने के बाद प्रशासन लोगों को कोई दिक्कत न हो इसके लिए घर-घर बुनियादी सुविधाएं मुहैया करा रहा है। शुक्रवार को इन गांवों में कोटेदारों ने घर-घर राशन वितरण शुरू किया। साथ ही थर्मल स्क्रीनिंग कराई जा रही है। ताकि किसी को कोई परेशानी न हो। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से फोन नंबर 05412-260149 और 05412-262100 भी जारी किए गए हैं। लोग इस पर भी जरूरत के सामान मंगा सकते हैं। इसके अलावा जिला प्रशासन ने शुक्रवार को घर-घर लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग शुरू कराई। इसमें जो लोग संदिग्ध पाए जाएंगे उनके नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे। वहीं वाराणसी सप्तसागर में दवा व्यवसायी के यहां बहादुरपुर के एक युवक के काम करने के बाद पहचान होने पर उसकी थर्मल स्क्रीनिंग कर सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है।