नौगढ़। क्षेत्र के मझगाई गांव में पहली बार आयोजित होने जा रही दुर्गा पूजा की तैयारियों के बीच मंगलवार को विवाद हो गया। पूजा पंडाल के पास सफाई के लिए टोकने पर एक सफाई कर्मी पर कुल्हाड़ी से धमकाने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पूजा समिति के पदाधिकारियों ने पुलिस से जांच कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, खंड विकास अधिकारी राकेश सिंह ने मामले में चार सफाई कर्मचारियों का वेतन रोक दिया है।
दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष मनोज सिंह यादव के अनुसार, पूजा पंडाल के पास काफी मात्रा में कचरा जमा था, जिससे तैयारियों में परेशानी हो रही थी। इसी दौरान वहां एक सफाई कर्मी सो रहा था। समिति के सदस्यों ने उसे उठकर सफाई करने के लिए कहा तो वह नाराज हो गया। आरोप है कि इसके बाद वह हाथ में कुल्हाड़ी जैसा औजार लेकर खड़ा हो गया और धमकी देने लगा। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई।
घटना के बाद समिति के सदस्यों और ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। अध्यक्ष ने बताया कि घटना का वीडियो सुरक्षित रखा गया है। पुलिस को सूचना देकर निष्पक्ष जांच और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। खंड विकास अधिकारी राकेश सिंह ने बताया कि मामले में सफाई कर्मचारी हामिद खान, श्याम लाल, शशिबाला और सुनीता का वेतन रोक दिया गया है। वहीं, थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।