नगर पालिका के वार्ड नंबर दो और वार्ड नंबर नौ के मध्य ईदगाह से पाइपलाइन तक सड़क और नाली निर्माण दो वर्ष में भी पूरा नहीं होने से नाराज होकर वार्ड वासियों ने शुक्रवार को वार्ड में प्रदर्शन किया। इस अवसर पर चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान वक्ताओं ने बताया कि दो वर्ष पहले पालिका प्रशासन ने पिछड़ा अनुदान निधि से सड़क और नाली निर्माण शुरू कराया। काम आधा अधूरा पर ही छोड़ दिया गया और इसका भुगतान कर दिया गया। छह माह पहले एक बार फिर इसी मार्ग पर निविदा कराकर इंटरलाकिंग शुरू कराई गई और यह भी पूरा नहीं हो सका।
मार्ग पर गिट्टी डाल कर छोड़ दिया गया है। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। ऊबड़ खाबड़ रास्ते पर आए दिन लोग गिरकर जख्मी हो रहे हैं। लगातार इसकी शिकायत की जा रही है लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। चेतावनी दी कि दो बार निविदा होने और आधे अधूरे काम ही क्यों हुआ और इसके बाद भी संबंधित ठेकेदार को पूरे धन का भुगतान कैसे हुआ इसकी जांच होनी चाहिए। क्योंकि इस मामले में आर्थिक धांधली की गी है।
यही नहीं अधूरे मार्ग को तत्काल पूरा नहीं कराया गया तो वार्ड के लोग आंदोलन करेंगे। वार्ड के लोगों ने प्रदर्शन के बाद संबंधित ज्ञापन मुख्यमंत्री, आयुक्त वाराणसी मंडल और जिलाधिकारी को डाक से भेजा गया। इस अवसर पर प्रभुनारायन, विक्की, जितेन्द्र, लक्ष्मण, किशन, ओमप्रकाश, मोहम्मद सैफ, विकास, नंजीम अहमद, कुंवर, अखिलेश, ओमकार यादव आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।