चंदौली की सैयदराजा पुलिस द्वारा जब्त की गई 58 लाख रुपये की लगभग 13 हजार लीटर अवैध शराब को अदालत के आदेश के बाद नष्ट कर दिया गया है। बुधवार को शराब से भरी बोतलों पर रोड रोलर चला दिया गया।
यूपी के चंदौली जिले में पुलिस-प्रशासन की टीम ने बुधवार को 58 लाख रुपये की देसी और विदेशी शराब नष्ट की। शराब से भरी बोतलों पर रोड रोलर चला दिया गया। शराब नष्ट करने की कार्रवाई कोर्ट से आदेश मिलने के बाद की गई। अवैध शराब की खेप तस्करों से बरामद हुई थी। जिसे आबकारी विभाग, पुलिस और न्यायिक अधिकारियों की मौजूदगी में नष्ट कराया गया।
विज्ञापन
सैयदराजा थाना में वर्ष 2020 और 2021 में 112 मुकदमों में जब्त अंग्रेजी शराब 10806 लीटर व देसी शराब 2587 लीटर शराब की बोतलों को नष्ट किया गया। सैयदराजा थाने के पीछे राष्ट्रीय राजमार्ग-2 के बंद पड़े सर्विस रोड पर शराब की बोतलों को रखा गया। फिर रोड रोलर चला कर नष्ट कर दिया गया।
इसके साथ ही सभी शराब की खाली बोतलों को गड्ढा खोद उसमें दफन किया गया। जिले में लगातार हो रहे शराब कारोबारियों पर पुलिसिया कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है। इस दौरान आबकारी निरीक्षक शरद कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
सीओ सदर रामबीर सिंह ने बताया की वर्ष 2020 व 2021 में 112 मुकदमों में पकड़ी गई लगभग 58 लाख की शराब बरामद की गई थी। उसे न्यायालय से आदेश कराकर नष्ट किया गया।