इलिया। बिजली उपकेंद्र पर आधारित गांवों में बदहाल आपूर्ति व्यवस्था से नाराज होकर सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने बेन धरौली मार्ग पर जाम लगा दिया। दो घंटे बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम प्रशांत कुमार ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया। आश्वासन दिया कि उपकेंद्र से 18 घंटे नियमित बिजली आपूर्ति होगी। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।
कस्बा स्थित बिजली उपकेंद्र के इलिया, पचपरा, बाबा रमैया सहित तीन फीडरों से क्षेत्र के 40 गांवों में बिजली आपूर्ति की जाती है। ग्रामीणों के अनुसार इलाके में बिजली के पोल और तार पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं। ऐसे में हल्की हवा चलने पर भी तार अथवा पोल टूट जाते हैं। इससे आपूर्ति व्यवस्था ठप हो जाती है। कई बार तारों और पोल को बदल कर आपूर्ति व्यवस्था सुचारू करने की मांग की गई लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इससे नाराज होकर ग्राम प्रधान सुरेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने उपकेंद्र के समीप बेन-धरौली मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे मार्ग पर वाहनों का आवागमन रुक गया । इसकी सूचना मिलने पर एसडीओ प्रशांत कुमार ने ग्रामीणों से वार्ता की और आश्वासन दिया कि इन दिनों आंधी पानी के चलते बिजली आपूर्ति में बाधा आ रही है। इसे ठीक किया जा रहा है। जल्द ही 18 घंटे नियमित बिजली आपूर्ति की व्यवस्था की जाएगी। इस पर ग्रामीण शांत हुए और जाम समाप्त किया। जाम लगाने वालों में वीरम चंद गुप्ता, एखलाक जिद्दी, संजय गुप्ता, शमीम अहमद, शमीम खान, दिलीप दूबे, फारुख सिद्दीकी, पप्पू सिंह, कमलेश चौहान, गोलू कुमार, अमित मोदनवाल,विष्णु जायसवाल, मेराज अहमद रहे।