चंदौली के सैयदराजा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-2 पर बुधवार सुबह विंध्याचल जा रहे श्रद्धालुओं से भरा ऑटो खड़े ट्रक से टकरा गया। दर्दनाक हादसे में ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं छह लोग घायल हो गए। घटना में ऑटो के परखच्चे उड़ गए। चीख-पुकार सुनकर लोग पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बिहार के मोहनिया जिला के बम्हौर गांव से लोग ऑटो पर सवार होकर विंध्याचल के लिए निकले थे। चंदौली के सैयदराजा थाना क्षेत्र के रमऊपुर गांव के सामने काले शहीद मजार के पास नेशनल हाईवे दो पर ऑटो अनियंत्रित हो गया खड़े ट्रक से टकरा गया।
जिससे ऑटो के परखच्चे उड़ गए और चालक धर्मेंद्र शाह (42)उसी में फंसा रह गया। आवाज सुनकर मौके पर आसपास के लोग जुटे। स्थानीय लोगों की सहायता से पुलिस ने किसी तरह घायल चालक को ऑटो से बाहर निकाला। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।