दुलहीपुर । पड़ाव से पीडीडीयू नगर तक सिक्स लेन सड़क निर्माण की जद में आने वाले दुलहीपुर के व्यापारियों ने शुक्रवार की रात बैठक की । इस दौरान उन्होंने बैठक में आये मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल को पत्रक सौंपकर दुकान और मकान को उजड़ने से बचाने की मांग की। इस पर विधायक ने कहा कि इस समस्या से सांसद व केंद्रीय मंत्री डा.महेन्द्र नाथ पांडेय को अवगत कराकर हल निकालने का प्रयास किया जाएगा।
दुलहीपुर व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष जय कुमार गुप्ता ने कहा कि आजादी के पहले से हमारे पूर्वजों ने आवास और दुकान बनाकर रहने और जीविकोपार्जन का कार्य किया । कहा कि ऐसी उम्मीद नहीं थी कि उन्हें उजाड़ दिया जाएगा । वहीं डा. आरके शर्मा ने कहा कि यह आबादी आजादी के पहले से यहां बसी हुई है। जो कि राजस्व विभाग के अभिलेख में दर्ज है। बता दें कि मार्ग निर्माण के लिए 350 करोड़ रुपये स्वीकृत हो चुके हैं। इस दौरान समाजसेवी सतीश जिंदल ने कहा कि समाज की सेवा से बड़ी कोई सेवा नहीं है। कहा कि विधायक पर भरोसा करें। कहा कि जनहित में कोई न कोई समाधान अवश्य निकलेगा। इस अवसर पर डॉ. केएन पांडेय, डा. ओपी सिंह, डा. मनोज सिंह, डा. सुमन लता, डा. रमेशचंद्र उपाध्याय, श्रीराम द्विवेदी, संजय कनौजिया, अनुराग मौर्या समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।