पीडीडीयू नगर। जिला फुटबाॅल संघ की ओर से मदरसा इस्लामिया इस्लामपुर के मैदान पर आयोजित हमीदुल्लाह अंसारी और ओएन राय स्मृति बेबी फुटबाॅल लीग का फाइनल मैच सोमवार को खेला गया। इसमें टाई ब्रेकर में रेहान अंसारी ने गोल मारकर ब्लू मैक्स को शील्ड दिलाई। मुख्य अतिथि मोहम्मद शाहिद ने विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया।
जिला फुटबाॅल संघ की तरफ से प्रशिक्षण शिविर के बाद बेबी फुटबाॅल लीग की शुरूआत हुई। इसके फाइनल में ब्लू मैक्स और पिंक पैंथर की टीम पहुंची। फाइनल मुकाबले की शुरूआत मोहम्मद शाहिद ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। डेढ़ घंटे के मैच में ब्लू मैक्स और पिंक पैंथर ने एक दूसरे पर दबाव बनाए रखा। पूरे में कोई भी टीम गाेल नहीं कर पाई। इसके बाद तीन गोल का टाई ब्रेकर खेला गया। पहले पिंक पैंथर को मौका मिला, लेकिन टीम कोई गोल नहीं कर सकी। ब्लू मैक्स के दो प्रयास को पिंक पैंथर ने नाकाम कर दिया। अंतिम प्रयास करने रेहान पहुंचे और उन्होंने गोल कर दिया। इस तरह से ब्लू मैक्स ने 1-0 से मैच जीतकर शील्ड पर कब्जा जमा लिया। इससे पहले विमान दुर्घटना में मृत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान अली अफजल, गुलाम ख्वाजा, आनंद, जिला खेल अधिकारी सोनभद्र शमीम अहमद, इरफान, जमा खान, राना अनवर, राकेश यादव, मुरली मनोहर आदि मौजूद रहे।