कंदवा। कोरोना महामारी के बीच सर्दी, जुकाम, बुखार, खांसी और इम्यूनिटी बढ़ाने में कारगर मानी जाने वाली दवाओं की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। स्थिति यह है कि पैरासिटामाल, कैल्शियम, विटामिन सी, विटामिन डी 3 दवाओं के साथ पल्स ऑक्सीमीटर, वेपोराइजर और खांसी के सिरप की कीमतें आसमान छू रही हैं।
पैरासिटामोल, विटामिन सी लिम्सी, सेलिन, कैल्शियम, विटामिन डी 3, जोकोविट, जिंक से संबंधित दवाओं, थर्मामीटर, पल्स ऑक्सीमीटर और खांसी रोकने वाली वाले सिरप की मांग 100 गुना से ज्यादा बढ़ी है। दुकानदारों की माने तो मांग बढ़ने से कंपनियां दवाएं, सिरप आदि डिस्ट्रीब्यूटरों को मुहैया नहीं करा पा रही हैं। इससे कई जरूरी दवाएं निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर बिक रही हैं। मेडिकल स्टोरों पर विटामिन सी आदि का अभाव हो गया है। संक्रमण के चलते हर घर में सर्दी, जुकाम और बुखार के मरीज हैं। भले ही उनकी कोविड की जांच नहीं हुई है। लोगों ने संक्रमण में दी जाने वाली दवाओं को घर पर रख लिया है। छह सौ रुपये की ऑक्सीमीटर दो से तीन हजार रुपये में मिल रहा है। यही हाल भाप लेने वाले यंत्र और ऑक्सीजन सिलेंडर में लगने वाले रेग्युलेटर का भी है। समाजसेवी अजय सिंह और मृत्युंजय सिंह दीपू ने दवा विक्रेताओं से अपील की है कि वे निर्धारित दर पर ही दवा की बिक्री करें, ताकि लोगों को दवा खरीदने में परेशानी न हो।