चकिया। चकिया बार एसोसिएशन का चुनाव बृहस्पतिवार को उपजिलाधिकारी न्यायालय परिसर स्थित बार सभागार में हुआ। मतदान के बाद परिणाम घोषित किए गए । जिसमें अध्यक्ष पद पर राजेश नारायण तिवारी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर रामविलास पाल तथा महामंत्री पद पर संतोष कुमार चौरसिया निर्वाचित घोषित किए गए।
बार एसोसिएशन के चुनाव में कुल 225 अधिवक्ता मतदाताओं में से 216 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष पद पर कांटे की टक्कर में राजेश नारायण तिवारी ने अपने एकमात्र विरोधी उम्मीदवार शिवपूजन पटेल को दो मतों से पराजित कर दिया। राजेश तिवारी को 109 तथा शिवपूजन को 107 मत मिले। महामंत्री पद पर संतोष चौरसिया को 112 मत तथा लाल प्रताप चौहान को 101 मत मिला, महामंत्री पद पर संतोष चौरसिया ने 11 मतों से जीत हासिल की ।महामंत्री पद पर चार मत अवैध रहे। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर रामविलास पाल को 106 तथा प्रवीण कुमार सिंह को 104 मत मिले, उपाध्यक्ष पद पर रामविलास पाल दो मतों से जीते। इस पद पर छह मत निरस्त हुए। चुनाव परिणामों की घोषणा एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष सरदार जंग बहादुर सिंह, उपाध्यक्ष अवधेश नारायण तिवारी तथा सदस्य भैया लाल सिंह ने की। बार के शेष पदों पर पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। बार के चुनाव को लेकर सुबह से ही कचहरी परिसर के आसपास गहमा गहमी का माहौल रहा। चुनाव के दौरान कोतवाल राजेश यादव, इलिया थाना प्रभारी अमित कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
नियामताबाद। मुगलसराय बार एसोसिएशन के होने वाले वार्षिक चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई। इसे लेकर अधिवक्ताओं में काफी गहमागहमी रही। इस संबंध में जानकारी देते हुए चुनाव अधिकारी मोहन प्रसाद ने बताया कि नामांकन की प्रक्रिया दो दिन चलेगी। पहले दिन कुल पांच प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों संग नामांकन पत्र दाखिल किया है। शुक्रवार को शेष प्रत्याशियों के नामांकन पत्र दाखिल किए जाने की उम्मीद है। दस जनवरी को नामांकन पत्रों की जांच व वापसी होगी। मतदान 18 जनवरी को होगा। इस मौके पर चुनाव समिति के सदस्य स्वामीनाथ पाठक, मनोज कुमार गुप्ता, विजय कुमार, अभय श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
सकलडीहा। सकलडीहा बार एसोसिएशन का वार्षिक चुनाव को लेकर बृहस्पतिवार को गहमागहमी के बीच नामांकन हुआ। जिसमें अध्यक्ष पद पर तीन और महामंत्री पद पर दो उम्मीदवारों ने नामांकन किया। शेष पदों पर निर्विरोध चुनाव होना तय है।
चुनाव अधिकारी की अध्यक्षता में अध्यक्ष पद पर अभयनाथ मौर्या, नितिन तिवारी और सुरेन्द्र कांत मिश्रा ने नामांकन किया। वही महामंत्री पद पर पंकज कुमार सिंह और कृष्णमुरारी शंकर पाठक ने नामांकन किया। इसके अलावा वरिष्ठ उपाध्यक्ष अखिलेश यादव, कनिष्ठ उपाध्यक्ष सुविन्द्र सिंह, कोषाध्यक्ष राजेश सिंह, सहायक सचिव प्रशासन पर शिवकुमार प्रजापति और पुस्तकालय मंत्री पद पर जयप्रकाश यादव ने नामांकन किया। कार्यकारिणी सदस्य के लिये शिवकुमार सिंह, कुबेर सिंह, रमाकांत पांडेय, यशवंत यादव, बुद्धिराम, जर्नादन मिश्र, श्रीकांत सिंह, सच्चिदानंद सिंह, राजकुमार सिंह और अभय कुमार रंजन ने नामांकन किया। मुख्य चुनाव अधिकारी जर्नादन मिश्रा व सहायक चुनाव अधिकारी बुद्धिराम ने बताया कि अध्यक्ष पर तीन और महामंत्री पर दो उम्मीदवारों ने नामांकन किया। शेष पदों पर एकल उम्मीदवार है। इस मौके पर शिवकुमार सिंह, योगेन्द्र मिश्रा, अखिलेश तिवारी, अजय सिंह, अशोक यादव, अनुराग उपाध्याय, धीरेन्द्र पांडेय, जयप्रकाश ओझा, यशंवत सिंह यादव, मनोज पांडेय, श्यामजी प्रसाद आदि मौजूद रहे।