नौगढ़। पिछले दिनों हुई तेज बारिश ने नौगढ़ क्षेत्र के गरीब परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अमृतपुर और अतरवा गांव में 26 कच्चे मकान ढह गए। इससे इन परिवारों के सामने सिर छिपाने का संकट खड़ा हो गया है। प्रभावित परिवारों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने के लिए राजस्व विभाग ने जांच शुरू कर दी है।
अमृतपुर गांव में बारिश के कारण 21 लोगों के कच्चे मकान गिर गए। इनमें संगीता, बाबुंदर, बिरजाभार, हरिश्चंद्र, सुशीला, शिवचरण, श्यामबिहारी, आशा, सुनीता, सीमा, सुधा, उर्मिला, अमीन, शीला, क्रांति, आजाद, चंद्रावती, राधिका, जगदबंद, कमला और गोरखनाथ के मकान शामिल हैं। मकान गिरने से इन परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसी प्रकार अतरवा गांव में भी बारिश का कहर देखने को मिला। यहां राजा राम सोनी, इंदु, अनिल, जितेंद्र और धीराजी के कच्चे मकान बारिश के कारण ढह गए। लगातार बारिश से कच्चे मकानों की दीवारें कमजोर हो गई थीं। मकान गिरने की घटनाओं के बाद ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल है। लोगों को आशंका है कि बारिश जारी रहने पर अन्य जर्जर और कच्चे मकान भी खतरे की जद में आ सकते हैं। खंड विकास अधिकारी राकेश सिंह ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम नुकसान का आकलन कर रही है। जांच रिपोर्ट तैयार होने के बाद पीड़ित परिवारों को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।