पीडीडीयू नगर। रेल विभाग के प्लांट डिपो कारखाना में आउट सोर्सिंग से काम कराने से आक्रोशित रेलकर्मियों ने बुधवार को प्रशासनिक भवन के समीप प्रदर्शन किया। इस दौरान विभाग के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही समस्याओं का समाधान नहीं किए जाने पर उग्र प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। अंत में विभागीय अधिकारी को मांगों के समर्थन में पत्रक सौंपा।
ईसीआरकेयू के केंद्रीय संगठन मंत्री बीबी पासवान ने कहा कि प्लांट डिपो इंजीनियरिंग कारखाना के कई कार्यों को रेल कर्मचारियों से छीनकर आउटसोर्सिंग से कराया जा रहा है। इस पर अविलंब रोक लगनी चाहिए। एक तरफ कर्मचारियों की कमी बता कर रेल कार्यों को आउटसोर्सिंग से किया जा रहा है वहीं दूसरी तरफ आर्टिजन कर्मचारियों से कार्यालय व अधिकारियों के आवासों पर कार्य कराया जा रहा है।अंत में मुख्य कारखाना प्रबंधक के प्रतिनिधि वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी दीपक राज राय को मांगों के समर्थन में पत्रक सौंपा। प्रदर्शन करने वालों में केदार प्रसाद, एके उपाध्याय, रामजी यादव, केदारनाथ तिवारी, मोहन राम, दिनेश कुमार सिंह, बीबी सिंह, बृजमोहन लाल, अरविंद कुमार, रमेश कुमार श्रीवास्तव, विजय बहादुर प्रताप सिंह, संजय शर्मा रहे। अध्यक्षता एसपी सिंह ने की।