पीडीडीयू नगर। जिले के किसान अब अपने कृषि उत्पादों को विदेेशों के बाजार तक बेच सकेंगे। इसके लिए उन्हें किसी बिचौलिये या किसी माध्यम की जरूरत नहीं होगी। इसमें पूर्वांचल के किसान लाभान्वित होंगे। शुक्रवार को वाराणसी में मंडलायुक्त सभागार में वाणिज्य उद्योग मंत्रालय की ओर से आयोजित कार्यक्रम में चंदौली सहित गाजीपुर, वाराणसी और मिर्जापुर के एक-एक किसानों को इसका लाइसेंस प्रदान किया। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने किसानों को लाइसेंस दिए और भरोसा जताया कि अब पूर्वांचल का किसान अपनी उपज को लेकर अंतरराष्ट्रीय बाजार में सीधे जा सकेगा।
वाणिज्य उद्योग मंत्रालय नई दिल्ली के सहायक महाप्रबंधक डॉ. सीबी सिंह ने बताया कि इशानी एग्रो प्रोड्यूसर कंपनी चंदौली के डायरेक्टर किसान अजय सिंह को लाइसेंस प्रदान किया गया है। इसी तरह गाजीपुर में शिवांश एग्रो, वाराणसी में जया एग्रो और मिर्जापुर में नवचेतना एग्रो प्रोड्यूसर को लाइसेंस दिया गया है। उन्होंने कहा कि चंदौली के लिए यह बड़ी उपलब्धि है। कारण कि यहां बड़े पैमाने पर चावल का उत्पादन होता है। इसमें ब्लैक राइस सहित किसान अपने अन्य कृषि उत्पादों को विदेशी बाजार में बेच सकेंगे। चंदौली के किसान अजय सिंह ने बताया कि उनके संगठन में एक हजार से अधिक किसान जुड़े हैं। इन किसानों को उत्पादन के बाद भटकना नहीं पड़ेगा। इसे सीधे अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेच सकेंगे।
पीडीडीयू नगर। कृषि उत्पादों को विदेशों में बेचने के लिए लाइसेंस मिलने के बाद अब किसानों के खाते में सीधे विदेशी मुद्रा आ सकेगी। इससे उनकी आय बढ़ेगी और वे आर्थिक रूप से समृद्ध होंगे। इससे जिले के सभी किसान लाभान्वित होंगे। ब्लैक राइस के अलावा कोई भी कृषि उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में भेज सकते हैं।