सकलडीहा। क्षेत्र में रजवाहों की साफ-सफाई को लेकर विभागीय अधिकारी सिर्फ खानापूर्ति कर रहे हैं। इसे लेकर किसानों में आक्रोश है। सोमवार को दरियापुर रजवाहा में उग आई जलकुंभी की साफ-सफाई को लेकर किसानों ने प्रदर्शन किया। चेताया कि समस्या का समाधान नहीं किए जाने पर किसान सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
किसानों ने आरोप लगाया कि शासन के निर्देश के बाद भी दरियापुर राजवाहा की साफ-सफाई नहीं की गई है। इससे रजवाहा जगह-जगह जलकुंभी से पट गया है। वहीं दूसरी ओर किसान पानी के अभाव में सिंचाई करने से वंचित है। क्षेेत्र के रतनपुरा, घरचित, ओड़वली, तेनुवट, चतुर्भुजपुर, बरठी, टेकापुर, बहरवानी आदि गांव के किसानों की फसल सूख रही है। किसानों ने जिला प्रशासन से समस्या का शीघ्र निदान कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र रजवाहे की सफाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। पप्रदर्शन करने वालों में बांसदेव यादव, नीरज शर्मा, बहादुर राय, मोहित, राजू, विकास यादव, बिंटू, धीरज गुप्ता, कुंदन राय, बासू गुप्ता, वैभव, राकेश आदि शामिल रहे।
02- गांवों में गंदगी, ब्लॉक की सफाई कर रहे सफाईकर्मी
सकलडीहा। विकासखंड के कई गांवों में इन दिनों कूड़े का अंबार लगा हुआ है। इसके बाद भी विभागीय अधिकारी मौन साधे हुए हैं। वहीं सोमवार को सुबह से ही दर्जनों सफाई कर्मचारी ब्लॉकोमुख्यालय की सफाई में जुटे रहे जो लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सकलडीहया कस्बा, नागेपुर, तेंदुईपुर, टिमिलपुर, ईटवा, चतुर्भुजपुर सहित दर्जनों गांव में नाले की सफाई नही होने से नाले का गंदा पानी ओवर्रफ्लो होकर सड़कों पर बह रहा है। वहीं कस्बा स्थित इंटर कॉलेज गेट के समीप कूड़ा-करकट का अंबार लगा हुआ है। टिमिलपुर में भी नालियां बजबजा रही है। सीओ आफिस के समीप गंदगी का अंबार लगा हुआ है। ब्लॉक मुख्यालय के पीछे गांव में वर्षो से नाली की साफ-सफाई की समस्या बनी हुई है। इसके बाद भी विभागीय अधिकारी मौन है। वही दूसरी ओर ब्लॉक मुख्यालय पर दर्जनों सफाईकर्मियों की सुबह से शाम तक ड्यूटी लगाकर सफाई कराई्र गई। यह चर्चा का विषय बना रहा। बीडीओ आशा देवी ने बताया कि गांवों में भी रोस्टर लगाकर साफ-सफाई कराई जाएगी। संवाद