सैयदराजा। नगर में रेलवे क्रासिंग 72 बी को बंद करने को लेकर शुक्रवार को क्षेत्रीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। लोगों ने पहले यहां फुटओवर ब्रिज बनाने की मांग की। चेतावनी दी कि बिना फुटओवर ब्रिज बनाए रेलवे क्रासिंग को बंद करने नहीं दिया जाएगा। लोगों के विरोध को देखते हुए रेलवे क्रासिंग बंद करने पहुंचे डीएफसीसी के अधिकारी बैरंग वापस लौटे।
पीडीडीयू नगर गया रेल रूट स्थानीय बाजार होकर गुजरी है। यहां पूर्व में रेलवे ओवर ब्रिज बनाया गया है। शुक्रवार को डीएफसीसी के अधिकारी मिथलेश कुमार एवं संजय पहुंचे और रेलवे गेट को बंद करने के लिए दीवार बनाने के लिए खुदाई का कार्य शुरू किया। इसकी सूचना मिलते ही व्यापार मंडल के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष इजहार अंसारी, भाजयुमो उपाध्यक्ष अमित अग्रहरि डाली के नेतृत्व में दक्षिणी बाजार के व्यापारी लामबंद हो गए। इस दौरान व्यापारियों ने कहा कि एफओबी निर्माण की मांग को पूरा किया जाए। इसके बाद ही गेट बंद किया जाए। इस पर अधिकारियों ने कहा कि व्यापारी जनप्रतिनिधियों से वार्ता कर एफओबी की मांग करें। ऐसा नहीं करने पर 72 घंटे बाद इसे बंद कर दिया जाएगा। व्यापारियों ने कहा कि एफओबी का निर्माण नहीं किया गया तो उनके रोजी रोटी पर संकट आ जाएगा। इस मौके पर युवा व्यापार मंडल अध्यक्ष अंकित जायसवाल, संजय कसौधन, मनोज केशरी, रिंकू सेठ, रमेश केशरी, त्रिवेणी साव, प्रदीप कसौधन, मनीष कुमार छोटक, अलीम मास्टर रहे।