नियामताबाद। मुगलसराय बार एसोसिएशन व डेमोक्रेटिक बार एसोसिएशन के सदस्यों ने बृहस्पतिवार को पीडीडीयू नगर तहसील में नायब तहसीलदार सुनील कुमार सिंह के स्थानांतरण की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। वहीं स्थानांतरण होने तक न्यायिक कार्य से विरत रहने का संकल्प लिया
इस दौरान अधिवक्ताओं ने कहा कि नायब तहसीलदार की कार्यप्रणाली संतोषजनक नहीं है। आरोप लगाया कि किसी भी कार्य को करने में वे अनावश्यक रूप से देरी करते हैं। जिससे अधिवक्ता व वादकारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अधिवक्ताओं ने मांग किया कि नायब तहसीलदार को तत्काल स्थानांतरित किया जाए। यदि उनका स्थानांतरण नहीं होगा तो अधिवक्ता धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। प्रदर्शन करने वालों में मुगलसराय बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सिंह, महामंत्री प्रमोद कुमार यादव, उपाध्यक्ष संतोष श्रीवास्तव, अरविंद यादव, देवीदयाल गुप्ता, मनोज गुप्ता, शिवाजी यादव, अजित सिंह, भूपेंद्र नारायण सिंह, जयप्रकाश यादव आदि शामिल रहे।