दुलहीपुर। कुंडा खुर्द गांव में गंगा की कटान तेज हो गई है। दो दिन पहले कटान से डीह बाबा का मंदिर गंगा में समा चुका है। वहीं गांव के मल्लाह बस्ती का संपर्क मार्ग पर भी कटान का खतरा मंडरा रहा है। । गंगा कटान की समस्या को देखते हुए रविवार को विधायक साधना सिंह और डीएम नवनीत सिंह चहल ने मौके का निरीक्षण किया। विधायक ने डीएम से वहां की समस्याओं से अवगत कराया। इसके बाद विधायक की पहल पर डीएम ने सिंचाई विभाग के एक्सईएन को कटान रोकने के लिए बनाए गए प्रस्ताव को फिर से रिवाईज इस्टीमेट बनाकर भेजने के निर्देश दिए हैं।
गंगा में बढ़ाव के बाद जब पानी घटने लगा तो कटान शुरू हो गई। इससे डीह बाबा का मंदिर पानी में डूब चुका है। हनुमान मंदिर और संपर्क मार्ग भी गिरने के कगार पर है। इसके बाद शनिवार की शाम विधायक साधना सिंह और डीएम नवनीत सिंह चहल मौके पर पहुुंचकर स्थित का जायजा लिया। विधायक और डीएम से ग्रामीणों ने समस्याएं गिनाई। विधायक ने डीएम से कहा कि मल्लाह बस्ती का रास्त गंगा कटान की चपेट में आ चुका है। इसके लिए संपर्क मार्ग की व्यवस्था होनी चाहिए। इस पर डीएम ने एसडीएम को निर्देश दिया कि रास्ते के लिए जमीन की पैमाइश और बजट बनाकर इसका प्रस्ताव उपलब्ध कराएं जिसे शासन को भेजा जाएगा। जिससे बस्ती के लोगों के लिए आवागमन में असुविधा न हो। वहीं डीएम ने सिंचाई विभाग के एक्सईएन को निर्देश दिए कि कटान रोकने के लिए जो प्रस्ताव 1200 मीटर का बनाया गया था उसे बढ़ाकर कुंडा खुर्द गांव से कुंड पंप कैनाल तक 1500 मीटर किया जाए। ग्रामीणों की सिंचाई समस्या की शिकायत पर पंप कैनाल की क्षमता बढ़ाने और पाइप लगाने के भी निर्देश दिए।