पीडीडीयू नगर। दीपावली और डाला छठ समेत अन्य त्योहारों पर यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने पीडीडीयू-बक्सर मेमू के संचालन की अवधि नवंबर के अंत तक बढ़ा दी है। वहीं, आनंद विहार-गया स्पेशल ट्रेन का विस्तार शेखपुरा तक किया गया है।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि गाड़ी संख्या 03287 बक्सर-पीडीडीयू मेमू एक से 30 नवंबर तक प्रतिदिन चलेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 03288 पीडीडीयू-बक्सर मेमू दो नवंबर से एक दिसंबर तक संचालित होगी। दोनों ट्रेनें पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुसार चलेंगी।
इसी तरह गाड़ी संख्या 02397 शेखपुरा-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल एक नवंबर से और गाड़ी संख्या 02398 आनंद विहार टर्मिनल-शेखपुरा स्पेशल दो नवंबर से चलेगी। गाड़ी संख्या 02397 शेखपुरा से सुबह 11:30 बजे खुलकर वारिसलीगंज, नवादा और तिलैया होते हुए दोपहर 2:05 बजे गया पहुंचेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 02398 गया से सुबह 11:15 बजे खुलकर दोपहर 2:45 बजे शेखपुरा पहुंचेगी। आगे दोनों ट्रेनें पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुसार चलेंगी।