चंदौली। जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर शुक्रवार को कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों में पठन-पाठन स्थगित रखने का निर्णय लिया है।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर बीएसए और डीआईओएस धमेंद्र कुमार ने इस संबंध में संयुक्त आदेश जारी किया है। हालांकि, स्कूल बंद रहने के दौरान शिक्षकों और कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार और जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार को प्री-प्राइमरी से कक्षा 12वीं तक के सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों की पढ़ाई स्थगित रहेगी।
यह आदेश जिले के परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ सीबीएसई, आईसीएसई समेत प्रत्येक बोर्ड से संबद्ध सभी शिक्षण संस्थानों पर लागू होगा। लगातार बारिश के बीच विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में परेशानी और संभावित जोखिम को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।