चंदौली। स्नातक एमएलसी चुनाव में मतदान के दिन पीठासीन अधिकारियों की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होगी। कार्मिक हर घंटे पर मतदान के प्रगति की रिपोर्ट जिला कंट्रोल रूम को देंगे। इसके अलावा प्रथम, द्वितीय व तृतीय मतदान अधिकारी निष्पक्ष ढंग से मतदान प्रक्रिया को संपन्न कराएंगे। यह बातें जिला निर्वाचन अधिकारी नवनीत सिंह चहल ने शुक्रवार को केवीके सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कही।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि आम चुनाव की अपेक्षा शिक्षक और एमएलसी मतदान प्रक्रिया काफी सरल होती है। क्योकि इसमें शिक्षित वर्ग के मतदाता अपने प्रत्याशी के लिए वोट करते है। कहा कि प्रशिक्षण में जो भी सिखाया गया है, उस पर अमल करें। निर्वाचन प्रक्रिया लोकतंत्र की रीढ़ है। निर्वाचन की सफलता उसकी पारदर्शिता में ही निहित है। मतदान को निष्पक्षतापूर्ण ढंग से संपन्न कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। पोलिंग पार्टियों की मदद के लिए बूथों पर पुलिस बल मौजूद रहेगा। वहीं जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट चक्रमण कर हालात का जायजा लेते रहेंगे। इसलिए किसी तरह के दबाव में न आएं। सीडीओ डा. एके श्रीवास्तव ने कहा कि मतदान के दौरान कोरोना को लेकर सावधानी बरतनी जरूरी है। बूथों पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रहेगी। मतदाताओं में मास्क, सैनिटाइजर का वितरण किया जाएगा। मतदाता हाथ में सैनिटाइजर व ग्लब्स लगाने के बाद ही बैगनी स्केच पेन का इस्तेमाल करेंगे। डीडीओ पद्मकांत शुक्ल ने कहा कि पोलिंग पार्टियां 30 नवंबर की सुबह नौ बजे कलेक्ट्रेट से रवाना होंगी। शाम तक बूथों पर पहुंच जाएंगे। भोजन- पानी, रहने आदि की मुकम्मल व्यवस्था रहेगी। किसी प्रत्याशी, अभिकर्ता अथवा जनप्रतिनिधि व आमजन का आतिथ्य स्वीकार न करें। कोरोना के बचाव के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क बनेगा। कोशिश करें कि प्रत्येक प्रत्याशी के अधिकतम दो अभिकर्ता बनाए जाएं। अभिकर्ताओं को बैज दिया जाए। एजेंट बनाने के पहले हस्ताक्षर का मिलान करना जरूरी है। मतदाताओं को मत पत्र जारी करने से पहले हस्ताक्षर का मिलान करना जरूरी है। यदि हस्ताक्षर मेल न खा रहा हो, तो मत पत्र जारी नहीं किया जाएगा। बैलेट व टेंडर वोट में सावधानी जरूरी है। सुबह आठ से शाम पांच बजे तक बूथों पर मतदान होगा। इस दौरान सीएमओ डा. आरके मिश्रा, डीपीआरओ ब्रह्मचारी दुबे, बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह, कृषि उपनिदेशक राजीव कुमार भारती, कृष्ण मोहन मौजूद रहे।