पीडीडीयू नगर। जिले में अलविदा की नमाज शुक्रवार को पूरे अकीदत के साथ अदा की गई। इस दौरान मुस्लिम बंधुओं ने देश में अमन चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। कोरोना के कारण दो वर्ष तक सार्वजनिक रूप से अलविदा की नमाज नहीं हुई थी। इस वर्ष नमाज को लेकर मुस्लिम बंधुओं में उत्साह रहा। शासन के आदेश पर मस्जिद के अंदर ही नमाज अदा की गई। इस दौरान मस्जिदों के आस पास सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। अलविदा की नमाज के साथ ही ईद की तैयारियां तेज हो गई।
नगर के जीटी रोड स्थित जामा मस्जिद में अलविदा की नमाज को लेकर तैयारियां शुरू हो गई थीं। दोपहर 12 बजे से ही लोग मस्जिद पहुंचने लगे। हालांकि प्रशासन ने सड़क पर नमाज अदा करने पर रोक लगा दी थी। ऐसे में लोगों ने मस्जिद में ही अकीदत के साथ नमाज अदा की। इसी तरह कसाब महाल मीनारा मस्जिद, प्लांट डिपो, चंदासी, सिकटिया, चंदासी, हिनौली, पथरा, सहजौर, मिल्कीपुर, गोपालपुर, हमीदपुर, सेमरा, कटेसर, नाथूपुर, जलीलपुर, मढिया, बहादुरपुर, मन्नापुर, मलोखर, दुलहीपुर, सतपोखरी सहित 279 स्थानों पर अलविदा जुमा की नमाज अदा की गई। नमाज समाप्त होने के बाद लोगों ने एक दूसरे के गले मिलकर ईद की मुुबारकबाद दी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल, सीओ अनिल राय, मुगलसराय कोतवाली प्रभारी बृजेशचंद, यातायात प्रभारी निरीक्षक श्यामजी यादव आदि भ्रमण करते रहे। सकलडीहा संवाददाता के अनुसार अलविदा की नमाज अकीदत के साथ अदा हुई। कस्बा के जामा मस्जिद और छोटी मजिस्द सहित अन्य मस्जिदों पर मुस्लिम बंधुओं ने अलविदा की नमाज अदा की। इस मौके पर इमाम मुहम्मद गुलाम रब्बानी, डॉ. अकबर, शौकत चौधरी, कलाम, नासिर अली, रोजन अली, हाजी जोखू सिद्दीकी, महफूज खां, रौशन अली, रहीम रहे।
चंदौली। जिला मुख्यालय पर अलविदा की नमाज शुक्रवार को पूरी अकीदत के साथ अदा की गई। इस दौरान ईद को लेकर लोगों में खुशियां व उत्साह देखा गया। वहीं माह-ए-रमजान के विदा होने की कसक भी नजर आई। अलविदा जुमा को लेकर सुबह से ही मुस्लिम इलाकों में तैयारियां देखने को मिलीं। लोग घरों के साथ-साथ मस्जिदों की साफ-सफाई करने में जुटे रहे।
चंदौली जिला मुख्यालय स्थित जामा एवं शाही मस्जिद पर अलविदा का नमाज अदा की गई। शाही मस्जिद में तकरीर करते हुए मौलाना इलियास ने कहा कि ईद की नमाज से पहले फितरे का पैसा हर हाल में अदा कर दें। बगैर फितरा अदा किए आपके रोजे कबूल नहीं होंगे। बताया कि अबकी बार चंदौली ईदगाह में ईद की नमाज सुबह आठ बजे अदा की जाएगी।