चकिया के सिकंदरपुर में नमाज पढ़ने के बाद बकरीद की एक दूसरे को मुबारकबाद देते मुस्लिम समुदाय के
ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व बृहस्पतिवार को पूरे उत्साह और अकीदत के साथ मनाया गया। सिकंदरपुर, शिकारगंज, कल्यानीचक, भीषमपुर, दिरेहु, तिलौरी, मुजफ्फरपुर, विजडार, उतरौत और चकिया नगर, अंबेडकर नगर पुरानी चकिया सहित विभिन्न मुस्लिम बहुल गांवों में बड़ी संख्या में लोग ईदगाहों और मस्जिदों में पहुंचे। नमाजियों ने बकरीद की दो रकात नमाज वाजिब अदा कर अपने तथा परिवार की सुख-समृद्धि के लिए दुआ मांगी।
नमाज के बाद लोगों ने मुल्क की तरक्की, खुशहाली और आपसी प्रेम-मोहब्बत कायम रहने की दुआ की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाई दी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में हिंदू समुदाय के लोग भी अपने मुस्लिम भाइयों को ईद की मुबारकबाद देने पहुंचे, जिससे गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारे की मिसाल देखने को मिली। कई लोग महान सूफी संत बाबा लतीफशाह और सैयद शाह की मजार पर पहुंचे और फातिहा पढ़ी। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कब्रिस्तानों में जाकर अपने पूर्वजों की कब्रों पर भी फातिहा पढ़कर मगफिरत की दुआ मांगी। ईदगाहों के पास लगे मेलों में बच्चों ने खरीदारी की और मेले का आनंद लिया। वहीं पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। सभी ईदगाहों और मस्जिदों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। इस दौरान एसडीएम पवन कुमार यादव, सीओ रघुराज और कोतवाल अर्जुन सिंह पुलिस बल के साथ पूरे क्षेत्र में भ्रमण करते नजर आए।