नौगढ़ के मंगरही गांव में ट्रांसफार्मर के लिए प्रदर्शन करते ग्रामीण। स्रोत:-जागरूक पाठक
नौगढ़। तहसील क्षेत्र के मंगरही गांव में करीब 25 दिन से ट्रांसफाॅर्मर खराब होने के कारण बिजली आपूर्ति ठप है। लंबे समय से बिजली नहीं मिलने से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश रविवार को फूट पड़ा। ग्रामीण खराब ट्रांसफाॅर्मर के पास धरने पर बैठ गए और बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्दी आपूर्ति बहाल कराने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफाॅर्मर खराब होने के बाद कई बार विभागीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। इसके अलावा 1912 शिकायत नंबर पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन करीब 25 दिन बीतने के बाद भी ट्रांसफाॅर्मर नहीं बदला गया। लगातार बिजली कटौती से गांव में रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली न रहने से मोबाइल फोन चार्ज करने से लेकर घरेलू कामकाज तक में परेशानी हो रही है। रात में पूरे गांव में अंधेरा छा जाता है। जंगल से सटे क्षेत्र में होने के कारण ग्रामीणों को अंधेरे में जंगली जानवरों का भी खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद विभागीय स्तर पर समस्या का समाधान नहीं किया गया।धरने पर बैठे ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्दी नया ट्रांसफाॅर्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे और जरूरत पड़ने पर बड़े आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन में रामकेर, विजय लाल, बेचू, बलवंत, गुरु प्रसाद, दिलीप, अकबाल समेत कई ग्रामीण शामिल रहे। इस संबंध में विद्युत निगम के अभियंता योगेंद्र पाल ने बताया कि मंगरही गांव में ट्रांसफाॅर्मर खराब होने की सूचना प्राप्त हुई है। जल्दी ही दूसरा ट्रांसफाॅर्मर लगाकर गांव की बिजली आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।