चंदौली। हथियानी इलाके के आधा दर्जन से अधिक गांवों की बिजली गुल हुए कई दिन हो गए, लेकिन अभी तक कोई हाल जानने तक नहीं आया। इलाके पूरी तरह अंधेरे में डूबे हुए हैं। किसानों की माने तो धान की नर्सरी डालने का वक्त हो गया है और ऐसे में दिक्कत हो रही है।
आंधी-पानी में मुस्तफापुर, हथियानी, प्रतापपुर, भटपुरवां, फत्तेपुर, पिपरपतियां, मड़हर और मसौनी गांव की बिजली चली गयी। ग्रामीणों की माने तो बिजली आपूर्ति के लिए लगे विद्युत पोल जगह-जगह गिर गये हैं। जब तक इनकी मरम्मत नहीं हो जाती बिजली आपूर्ति हो पाना मुमकिन नहीं है। ग्रामीण बिजली विभाग से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई। यदि ऐसे ही चलता रहा तो किसानों को धान की नर्सरी डालने में असुविधा होगी। जेई घनश्याम ने बताया कि आंधी-पानी से हुए नुकसान का मुआयना कर लिया गया है, जल्द की विद्युत पोलों को ठीक कर आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।