गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती हत्या रूपी शूटर सूरज। स्रोत : जागरूक पाठक
अलीनगर थाने की पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने रविवार को मुनीम मनोज के हत्या के आरोपी शूटर सूरज उर्फ राजेश यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसपी आकाश पटेल ने बताया कि 6 जून को अशोक कुमार खरवार निवासी ग्राम चतुर्भुजपुर थाना मुगलसराय ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनके भाई मनोज कुमार (38) रोज की तरह सुबह करीब सात बजे काम के लिए श्रीराम धर्म कांटा, चंदासी जा रहे थे। दोपहर करीब 2:30 बजे सूचना मिली कि ग्राम टरियां-पटपरा के पास अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी है। मामले में थाना अलीनगर में प्राथमिकी दर्ज कर संयुक्त टीम गठित की गई।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि घटना में शामिल दोनों शूटर बिहार के निवासी हैं। इसके बाद पुलिस ने भोजपुर (बिहार) निवासी सूरज उर्फ राजेश यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के दौरान आरोपी ने पहले से लोड पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और उसे पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है। पूछताछ और विवेचना में मुख्य साजिशकर्ताओं तथा एक अन्य फरार शूटर के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों की दबिश जारी है। एसपी आकाश पटेल ने बताया कि मामले में विस्तृत जानकारी सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से साझा किया जाएगा।
गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती हत्या रूपी शूटर सूरज। स्रोत : जागरूक पाठक