स्थानीय पुलिस ने शनिवार को 2 जून की रात पड़रिया गांव में हुई चोरी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने दो बालअपचारियों को पकड़ा है। इनके पास से चोरी के सामने चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। शहाबगंज थाना प्रभारी कृपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पड़रिया निवासी सुनिता देवी ने तहरीर देकर बताया था कि 2 जून की रात उनके घर में चोरी हुई थी।
गांव के ही दो युवकों ने छत के रास्ते घर में प्रवेश कर बक्से का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे चांदी की पायल, पैजनी, चांदी की लरी, सोने का मंगलसूत्र, नाक की कील तथा 12 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे। चोरी के दौरान परिजनों ने आरोपियों को देख लिया था। आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए थे।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। दोनेां ने स्वीकार किया कि पैसों के लालच में उन्होंने अपने ही गांव के शिवपूजन चौहान के घर में छत के रास्ते प्रवेश कर चोरी की थी।
उन्होंने बताया कि चोरी किए गए 12 हजार रुपये पार्टी करने में खर्च कर दिए, जबकि आभूषण अपने पास छिपाकर रखे थे। इन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया। दोनों के पास से एक जोड़ी पैजनी, एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी झुमका, दो जोड़ी पायल तथा एक नाक की कील बरामद की है। दोनेां के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।