पीडीडीयू नगर। नगर निगम वाराणसी के प्रवर्तन दल की सूचना पर मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र के बखरा गांव स्थित एक गोदाम के पास से पुलिस ने एक ट्रक बरामद किया। इसके बाद पुलिस ट्रक को औद्योगिक नगर पुलिस चौकी पर ले आई। आशंका जताई जा रही है कि ट्रक में प्रतिबंधित पॉलिथीन , गुटखा समेत कास्मेटिक सामान पड़ा हुआ है। पुलिस ट्रक को कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है।
नगर निगम वाराणसी के प्रवर्तन प्रभारी कर्नल आरएन मौर्या ने बताया कि टीम को सूचना मिली की काफी बड़े पैमाने में प्रतिबंधित पॉलिथीन ट्रक में भरकर आपूर्ति के लिए कहीं जा रही है। बताया कि ट्रक का पीछा किया गया तो वह चंदौली जनपद की सीमा में प्रवेश कर गया। जानकारी हुई कि ट्रक बखरा गांव के समीप एक गोदाम के बाहर खड़ा है। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस महानिरीक्षक को दी गई। उन्होंने पुलिस अधीक्षक चंदौली से वार्ता के लिए कहा। चंदौली पुलिस अधीक्षक से वार्ता के बाद मुगलसराय कोतवाली प्रभारी को पूरी जानकारी दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया और अपने साथ औद्योगिक पुलिस चौकी ले आई है। इस संबंध में सीओ सदर रामवीर सिंह ने बताया कि ट्रक में प्रतिबंधित पॉलिथीन , गुटखा व कास्मेटिक का सामान पड़े होने की बात सामने आई है। संबंधित विभाग से अधिकारियों को बुलाया गया है। मामले की जांच की जा रही है।