कंदवा। फाइनेंस कंपनी के एजेंट से हुई लूट की घटना में पुलिस के हाथ अब भी खाली हैं। तीन दिन बाद भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के सहारे छानबीन में जुटी हुई है।
बरहनी गांव के पास बीते बुधवार की शाम बाइक सवार तीन युवक फाइनेंस कंपनी के एजेंट प्रतीक सिंह को मार पीटकर 1.40 लाख रुपये और उनकी बाइक लूटकर भाग गए थे। भुक्तभोगी ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। लूट की सूचना पर मौके पर एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने भी भुक्तभोगी प्रतीक से पूछताछ की थी। कई जगह लगे सीसी कैमरों की फुटेज की जांच पड़ताल की। प्रतीक जेवरियाबाद और महुंजी गांव से 1.40 लाख रुपये बैग में लेकर बाइक से सैयदराजा जा रहे थे। रास्ते में बरहनी गांव से कुछ दूरी पर उन्हें एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने जबरदस्ती रोक लिया और मार पीटकर बैग में रखे 1.40 लाख रुपये, लैपटॉप, मोबाइल फोन और बाइक लूटकर अमड़ा की तरफ भाग निकले थे। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक दयाराम गौतम का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। एक दो दिन के अंदर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।