सकलडीहा। विकास खंड के धरहरा गांव में विभागीय लापरवाही से प्रधानमंत्री आवास के लाभार्थियों की सूची में शामिल एक लाभार्थी की पहली किश्त के 44 हजार रुपये किसी दूसरे के खाते में चले गए। इतना ही नहीं, पीड़ित के गुहार लगाने के बाद भी लापरवाह ब्लाकर्मियों ने दूसरी किश्त भी उसी खाते में डाल दी। इससे परेशान लाभार्थी ने डीएम से गुहार लगाई। इस पर जिलाधिकारी ने परियोजना निदेशक को मामले की जांच सौंपी। जांच में बीडीओ, एकाउंटेंट व ग्राम पंचायत अध्यक्ष की लापरवाही सामने आई है।
धरहरा वनवासी बस्ती के लालमन का नाम सत्र 2016-17 में प्रधानमंत्री आवास के लाभार्थियों की सूची में शामिल किया गया था। एक वर्ष के इंतजार के बाद आवास न बन पाने पर उन्होंने धरहरा के ही भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य अमित सिंह से मदद मांगी। अमित ने आरटीआई के माध्यम से जवाब मांगा तो बताया गया कि लालमन के आवास निर्माण के लिए आई 44 हजार की पहली किस्त उनके खाता संख्या 28180100013225 के स्थान पर विशनपुरा निवासी संजू के खाता संख्या 28180100013275 में स्थानांतरित हो गई है। इसकी वापसी के लिए उक्त खाता धारक से पत्राचार किया जा रहा है। इसके बाद अमित ने इसकी शिकायत समाधान दिवस पर डीएम से की। मजेदार बात यह कि इसी दौरान ब्लाककर्मियो ने दूसरी क़िश्त भी उसी खाते में स्थानांतरित कर दी। डीएम ने पीडी को जांच सौंप दी है। पीडी सुशील मिश्रा ने बताया कि मामले में बीडीओ, एकाउंटेंट व ग्राम पंचायत अध्यक्ष की लापरवाही सामने आई है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।