चहनियां के बृजनंदनी कांवेंट स्कूल में पटाखा न जलाने के लिए छात्राओं को शपथ दिलाते शिक्षक।
- फोटो : CHANDAULI
चहनिया। स्थानीय कस्बा स्थित बृजनन्दनी कांवेंट स्कूल में बृहस्पतिवार को गोष्ठी के माध्यम से बच्चों को दीपावली पर्व पर पटाखे न चलाने का संकल्प दिलाया गया। बच्चों से कहा गया कि पर्यावरण और प्रकृति को ध्यान में रखते हुए वे इस बार पटाखे नहीं चलाएंगे।
बच्चों को जागरूक करते हुए विद्यालय के चेयरमैन बिरजू अग्रहरी ने बच्चों को सुरक्षित दीवाली मनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि पटाखे हमारे पर्यावरण, प्रकृति और स्वयं हमारे लिए नुक़सानदायक हैं। कई ऐसे मौक़े देखे गए हैं जब त्योहार की ख़ुशी का माहौल इन पटाखों की वजह से ग़म में बदल जाता है। इसलिए इस दिवाली वे मिट्टी के दीपक जलाए और मिठाई बांटकर ख़ुशी मनाएं। वहीं निदेशक अखिलेश अग्रहरी ने भी बच्चों को सुरक्षित दिवाली मनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अपने आस-पास के असहाय लोगों की सहायता करते हुए उनके साथ सुरक्षित दीपावली मनाने को कहा। कहा कि वैश्विक माहौल कोरोना की वजह से पूर्ण रूप से कष्टदायक है। ऐसे में सबका ध्यान रखते हुए दिवाली मनाना जरूरी है। इस मौक़े पर नौवीं से 12वीं तक के छात्र व छात्राओं के साथ विद्यालय के प्रधानाचार्य अजीत शर्मा, शिक्षक अनिल श्रीवास्तव, सत्येंद्र, शिवशंकर त्रिपाठी, कुंदन सिंह, सुजीत पाठक आदि उपस्थित थे।