पीडीडीयू नगर। विश्व पर्यावरण दिवस पर जिले में विभिन्न कार्यक्रम हुए। बृहस्पतिवार को पीडीडीयू रेल मंडल की ओर से रोजा कॉलोनी में पौधरोपण किया गया। वहीं प्रभात फेरी और नुक्कड़ नाटक कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस दौरान डीआरएम उदय सिंह मीना ने लोगों से अपने जीवन के खास दिन पर पेड़ लगाने का आह्वान किया। कहा कि इससे आने वाली पीढ़ियों तक लाभ पहुंचेगा।
आरपीएफ के जवानों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से रेललाइन के आसपास संरक्षा-सुरक्षा के साथ ही प्लास्टिक से होने वाले प्रदूषण के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेलकर्मियों को डीआरएम मेडल और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान एडीआरएम दिलीप कुमार, सीनियर डीएमई (कैरिज एंड वैगन) नितिन कुमार, डीएमई (ईएनएचएम) बीरज कुमार, सीनियर डीएफएम राहुल राज आदि मौजूद रहे। उधर, लाल बहादुर शास्त्री स्नातकोत्तर महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की ओर से पं. पारसनाथ तिवारी नवीन परिसर में बृहस्पतिवार को विश्व पर्यावरण दिवस पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। इस दौरान डाॅ. विजय लक्ष्मी, कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार, सुरेंद्र, सुनील, विनीत आदि मौजूद रहे। राजकीय हाईस्कूल त्रिभुवनपुर में विश्व पर्यावरण दिवस पर डीआईओएस दलसिंगार यादव ने बच्चों और अभिभावकों के साथ पौधरोपण कर एक पेड़ मां के नाम 2.0 अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष धरा के आभूषण हैं। पर्यावरण असंतुलन को ठीक करने के लिए पौधरोपण जरूरी है। प्रधानाचार्य गंगा प्रसाद ने भी विचार व्यक्त किया। इस मौके पर माधव प्रताप सिंह, ओमप्रकाश, नीरज आदि मौजूद रहे।
उधर, नगर पंचायत बोर्ड की बैठक के बाद चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव के नेतृत्व में सभासदों ने मां काली मंदिर परिसर में बृहस्पतिवार को 6 से ज्यादा पौधे लगाए। चेयरमैन ने कहा कि मुख्यमंत्री का जन्मदिन और विश्व पर्यावरण दिवस हम सभी के लिए विकास का संदेश है। इस दौरान सभासद मीना विश्वकर्मा, ज्योति गुप्ता, सुनीता सोनकर, अमरदीप मोदनवाल, उमेश चौहान, बादल सोनकर रहे।