बैठक में उपस्थित अधिकारी व उद्यमी
जिला उद्योग बंधु और औद्योगिक व्यापारिक सुरक्षा फोरम की बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इस दौरान उद्यमियों की समस्याओं पर चर्चा की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी बीबी पांडेय ने औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 में मार्ग पर जगह जगह बने गड्ढे को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। यूपी एसआईडीसी के क्षेत्रीय प्रबन्धक को इस दिशा में कार्रवाई करने को कहा।
एडीएम ने औद्योगिक क्षेत्र रामनगर फेज-1 व फेज-2 में सांसद निधि से एलईडी लाइट लगवाये जाने के संबंध में उपायुक्त उद्योग से कहा। इसी तरह फेज-1 के मुख्य नाले को सीमेंट व कंक्रीट से पक्का नाला बनाये जाने और फेज-2 में नालियों का ड्रेनेज सिस्टम बनाये जाने के प्रस्ताव तैयार करने को कहा। इस प्रस्ताव को यूपीएसआईडीसी को भेजा जाएगा। फेज-2 को मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए प्रवेश मार्ग बनाने एवं फेज-1 के प्रवेश मार्ग के पास अंडरपास बनाये जाने का प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश क्षेत्रीय प्रबंधक को दिए। औद्योगिक क्षेत्र में 11000 की लाइन में खराबी आने पर सभी उद्योगों की विद्युत आपूर्ति बाधित होने की जानकारी पर अधिशासी अभियंता विद्युत को मौके पर जाकर समस्या दूर करने को कहा। बैठक में उपायुक्त उद्योग गौरव मिश्रा, क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीएसआईडीसी अजयदीप, अधिशासी अभियंता विद्युत रामकुमार सहित विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित थे।