चंदौली। जिला मुख्यालय स्थित पं. कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला अस्पताल के वार्डों में छह साल पहले पाइप लाइन लगाई गई थी लेकिन आज तक ऑक्सीजन की सप्लाई शुरू नहीं हो पाई। मरीजों को सिलिंडर के जरिये ही ऑक्सीजन दी जाती है। अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेटर के अभाव में आक्सीजन प्लांट का संचालन नहीं हो पा रहा है।
पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला अस्पताल इमरजेंसी से लेकर सभी वार्डों में मरीजों को ऑक्सीजन देने के लिए छह साल लगाई गई पाइप लाइन शो पीस बनकर रह गई है। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में रोज पांच मरीज ऐसे आते हैं, जिन्हें ऑक्सीजन की जरूरत पड़ती है। वहीं, वार्डों में प्राय: 90 मरीज भर्ती रहते हैं। इनमें 8 से 10 मरीजों को ऑक्सीजन की जरूरत होती है। इन मरीजों का सिलिंडर के जरिये ऑक्सीजन दी जाती है। पाइप लाइन लगाने के बाद ऑक्सीजन प्लांट का परीक्षण किया गया तो मात्र 5 से 7 दिन चल पाया थी। इसके बाद से यह बंद है। अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेटर के अभाव में पाइप लाइन से ऑक्सीजन की व्यवस्था शुरू नहीं की जा सकी। ऐसे में मरीजों को सिलिंडर के माध्यम से ऑक्सीजन की व्यवस्था की जाती है।