पीडीडीयू नगर। नगर पालिका प्रशासन ने जलभराव की समस्या के समाधान का खाका तैयार किया है। महमूदपुर, चतुर्भुजपुर, अलीगनर और मुगलचक में पानी की निकासी के लिए 99 लाख रुपये खर्च कर नाली निर्माण और ह्यूम पाइप बिछाने का काम कराया जाएगा। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर जल्द काम शुरू कराया जाएगा।
नगर में कई वार्डों में नालियां ध्वस्त हो चुकी हैं। इसके अलावा कई मोहल्लों में नालियां बनी ही नहीं हैं। इससे घरों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। वहीं, बरसात के मौसम में इन इलाकों में जलभराव की समस्या से भी लोगों को जूझना पड़ता है। नगर पालिका प्रशासन समस्या के समाधान के लिए ह्यूम पाइप बिछाने के साथ नालियों का निर्माण कराएगा। महमूदपुर वार्ड में 440 मीटर लंबे नाले का निर्माण कराने के साथ ह्यूम पाइप बिछाया जाएगा। इसके अलावा अलीनगर आर मुगलचक वार्ड के बीच 345 मीटर लंबे नाले का निर्माण कराया जाएगा। वहीं, चतुर्भुजपुर वार्ड में 260 मीटर लंबे नाले का निर्माणकराया जाएगा। इसके लिए टेंडर पड़ चुके हैं। नगर पालिका अध्यक्ष सोनू किन्नर ने बताया कि टेंडर की प्रक्रिया पूरी होते ही सीवेज का काम शुरू कराया जाएगा। धन की उपलब्धता के अनुसार अन्य कार्य भी कराए जाएंगे।