सकलडीहा कस्बा में जल निगम की टूटी पाइप। संवाद
सकलडीहा। स्थानीय कस्बे में हाईवे के चौड़ीकरण के तहत नाला निर्माण के लिए मंगलवार को खुदाई के दौरान जल निगम की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे कस्बे के 500 से ज्यादा घरों में पेयजल की आपूर्ति ठप हो गई। क्षतिग्रस्त पाइप से सड़क पर पानी बह रहा है।
सघन तिराहे पर सुबह नाले की खोदाई का काम चल रहा था। इस दौरान जल निगम की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे कई मोहल्लों में पेयजल की आपूर्ति ठप हो गई। लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ क्षेत्रों में दूषित पानी की आपूर्ति हुई है। कस्बे के लोगों का कहना है कि हाईवे, नाला, डिवाइडर, पुलिया समेत अन्य निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरे पड़े हैं।
तीन साल के बाद भी परियोजना पूरी नहीं हो सकी है। बार-बार ऐसी समस्याएं आ रही हैं। शिकायत करने के बाद भी प्रशासन संबंधित विभाग और कार्यदायी संस्था पर कार्रवाई नहीं की जाती। व्यापार मंडल अध्यक्ष केके सोनी, रतेंद्र राजभर, गोलू यादव, कृष्णकांत मिश्रा, संदीप गुप्ता आदि ने निर्माण कार्यों में लापरवाही पर नाराजगी जताई है।
इस संबंध में जल निगम के अवर अभियंता रवि शर्मा ने बताया कि क्षतिग्रस्त पाइप की मरम्मत के लिए कर्मचारियों को भेजा गया है। संबंधित विभाग के सहयोग से जल्द से जल्द समस्या का समाधा कराया जाएगा।