सैयदराजा। धर्म विशेष पर एक युवक द्वारा आपत्तिजनक पोस्ट ग्रुप में डालने का आरोप लगाते हुए आक्रोशित मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शनिवार की सुबह स्थानीय थाने के सामने सड़क पर प्रदर्शन किया। वे आपत्तिजनक पोस्ट ग्रुप में डालने वाले के खिलाफ कार्रवाई करने व उसे जेल भेजने की मांग को लेकर देर तक अड़े रहे। बाद में पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। तब जाकर लोग शांत हुए।
एक व्हाट्सएप्प ग्रुप में 20 जनवरी को आजाद नगर निवासी एक युवक ने हजरत मोहम्मद के चरित्र के बारे में अभद्र टिप्पणी की थी। कुछ देर में इस बात की सूचना नगर भर में फैल गई। इसके बाद मुस्लिम समुदाय में आक्रोश फैलने लगा। कस्बा के रियाजुल हसन, फेराक अंसारी, अब्दुल सत्तार खान आदि ने पुलिस से आपत्तिजनक पोस्ट डालने वाले के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर कार्रवाई करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया लेकिन पुलिस ने तत्काल कोई कदम नहीं उठाया। इससे आक्रोशित मुस्लिम समुदाय के लोग शनिवार को सड़क पर धरना प्रदर्शन करने लगे। मुस्लिम समाज के बुद्धिजीवियों व पुलिस ने लोगों को समझा कर धरना प्रदर्शन खत्म को कहा पर वे नहीं माने। इसकी सूचना मलिने पर क्षेत्राधिकारी भी वहां पहुंच गए। उनके निर्देश पर पुलिस युवक को पकड़कर थाने ले आई। इसपर लोगों ने धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। प्रदर्शन करने वालों में मुगल अंसारी, बारीक मौलाना, इम्तियाज बाबा, करामात राईन, अहमद हुसैन, मुश्ताक अंसारी, लालबाबू राईन, मुस्तफा शामिल रहे। सीओ सदर कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि आरोपी युवक को पकड़कर उससे पूछताछ की जा रही है। दोषी पाए जाने पर युवक के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।