चहनिया। कस्बा स्थित खंड विकास कार्यालय परिसर में राज्य पेयजल व स्वच्छता मिशन के तहत ग्रामीण जलापूर्ति विभाग की ओर से हर घर- नल से जल योजना के तहत स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस दौरान जागरूकता रैली भी निकाली गई। ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार जायसवाल व खंड विकास अधिकारी सतीश चंद्र त्रिपाठी ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक, सोशल मैपिंग, जल जांच आदि के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पीने योग्य जलापूर्ति के लिए केंद्र सरकार की ओर से हर घर-नल से जल योजना चलाई जा रही है। इसका उद्देश्य ग्रामीण को स्वच्छ जलापूर्ति करना है। कहा कि लोगो को शुद्ध पेय जल मिलेगा तो बीमारियों का खतरा बहुत कम हो जाएगा। खंड विकास अधिकारी ने कहा कि अशुद्ध पेयजल से पोलियो, पीलिया, पेचिस ,चर्म रोग आदि बीमारियां होती हैं। लोगों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए चार टीम लगाई गई है जो हैंडपंपों की जांच करने के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों का अवलोकन करेगी। इसके पूर्व निकाली गई जागरूकता रैली ब्लॉक परिसर से प्रारंभ होकर कस्बा, रौना, खैरुद्दीनपुर, कैली, चकिया, भुपौली, खर्रा, त्रिपाठ, महरखा आदि गांवो का भ्रमण करने के बाद कार्यक्रम स्थल पहुंचकर समाप्त हुई। रैली व सभा में शमशाद, योगेश पासवान, सुभाष कुमार, अंजली, राकेश शर्मा, निर्दोष जायसवाल, शाहिद रहे।