पड़ाव। सड़कों की मरम्मत की मियाद पिछले साल अक्तूबर में ही बीत चुकी है मगर उनकी हालत में अब तक सुधार नहीं हुआ। पीडीडीयू नगर से पड़ाव मार्ग बदहाल है और जगह-जगह बने गड्ढे और बिखरी गिट्टियों पर चलना मुश्किल है। गड्ढे और उड़ती धूल से लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
पीडीडीयू नगर से पड़ाव मार्ग की दूरी लगभग आठ किमी है। नगर से वाराणसी की ओर जाने पर पड़ाव से पहले तड़वाबीर बाबा मंदिर के एक किमी के दायरे में कई जगह सड़क खराब है लेकिन अब तक उसकी मरम्मत नहीं हुई। बीच में गिट्टी भी गिराई गई लेकिन उसे ठीक नहीं किया गया। भारी वाहनों के आवागमन से गिट्टियां फिर उखड़ गईं है जिससे छोटे वाहन फंस जाते हैं। कोलमंडी चंदासी के पास भी सड़क काफी खराब हो चुकी है मगर इसे भी दुरुस्त नहीं कराया गया है।
पीडीडीयू नगर। पड़ाव तक सड़क की हालत ठीक नहीं है, इसी में चंदासी कोल मंडी के पास उड़ती धूल, ट्रकों के खड़ा होने से आवाजाही में लोगों को और परेशानी होती है। जबकि चंदासी पीडीडीयू नगर पालिका का वार्डर है। इसके बाद भी वहां न तो नियमित सफाई होती है और न ही धूल हटाई जाती है।
सड़क मरम्मत का काम चल रहा है। चंदासी मंडी के पास खराब सड़क को भी जल्द ठीक करा दिया जाएगा। पड़ाव के समीप खराब सड़क को भी दुरुस्त कराया जाएगा। ताकि आवागमन में कोई दिक्कत न हो।
डीपी सिंह, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी।