अहमदाबाद से पटना जा रही अहमदाबाद पटना प्रीमियम एक्सप्रेस के पैंट्री कार
से नाश्ता व बोतल बंद पानी न मिलने से नाराज यात्रियों ने शुक्रवार की शाम
ट्रेन के मुगलसराय पहुंचने के बाद जमकर हंगामा मचाया।
साथ ही रेल
प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लेकिन इस दौरान संबंधित विभाग कोई भी
अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। अंत में यात्री रेल प्रशासन को कोसते हुए
गंतव्य को रवाना हो गये।
अहमदाबाद पटना प्रीमियम एक्सप्रेस
शुक्रवार की शाम लगभग पौने पांच बजे मुगलसराय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म
संख्या एक पहुंची।
यात्रियों ने सफर के दौरान नाश्ता व बोतल का पानी नहीं
दिये जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उनका कहना था कि शिकायत करने पर
पैंट्री कार कर्मियों द्वारा उनसे बदसलूकी की गई। अहमदाबाद से पटना जा रहे
एसी कोच में अपने परिवार संग सफर कर रहे यात्री मनोज कुमार ने बताया
पैंट्री कार से कई यात्रियों को गुरुवार की देर रात्रि साढ़े दस बजे खाना
दिये जाने के बाद अगले दिन शक्रवार की दोपहर ढाई बजे खाना दिया गया। जिससे
उनके परिवार को भूखे ही रहना पड़।
कोच बी 2 में सफर कर रहे या़त्री एके
चौधरी ने कहा कि टिकट में उन लोगों द्वारा नाश्ता, खाना व बोतल बंद पानी के
लिए रकम अदा ली जा चुकी है। बावजूद इसके पन्द्रह घंटे के बाद सिर्फ एक-एक
बोतल ही पानी की दी गयी थी। वहीं कोच एस 1 के यात्री जेके शर्मा ने बताया
कि परोसा गया खाना भी काफी खराब किस्म का था। इसके बाबत जब पैंट्री कार
कर्मियों से शिकायत पुस्तिका मांगी तो सभी बदसलूकी पर उतर आये।
इस दौरान
संबंधित विभाग को काई भी अधिकारी प्लेटफार्म पर यात्रियो ंकी शिकायत दर्ज
करने के लिए नहीं पहुंचा । यात्रियों का कहना था कि ट्रेन यात्रियों की
सुविधा, खाने की गुणवत्ता और अच्छे व्यवहार के लिए बड़े-बड़े वादे किये गये
थे। कई टोल फ्री नंबर भी जारी किये गये। इसके बावजूद ट्रेन में पैंट्री
कार संचालकों की मनमानी पर कोई अंकुश नहीं दिख रहा है।