पीडीडीयू नगर। सहरसा से मुंबई के बीच साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन शुरू हो गया है। रविवार को यह ट्रेन सहरसा से मुंबई के लिए चली। इस ट्रेन से सफर के लिए यात्री उत्साहित दिखे। पीडीडीयू जंक्शन से मुंबई का किराया सामान्य ट्रेनों से 10 फीसदी अधिक होने के बाद भी सीट खाली नहीं रही। स्थिति यह है कि जून माह तक साप्ताहिक ट्रेन में सीट उपलब्ध नहीं है। मई माह में तो 100 से ज्यादा वेटिंग है।
सहरसा से समस्तीपुर होते हुए मुंबई की ओर जाने वाली देश की तीसरी अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन शुरुआती दौर से ही यात्रियों के बीच लोकप्रिय हो गई है। अमृत भारत एक्सप्रेस में सिर्फ स्लीपर और जनरल कोच ही हैं। इस वजह से भी लोग इसकी ओर आकर्षित हो रहे हैं। यह ट्रेन साप्ताहिक है और हर रविवार को सहरसा से चलकर पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन होते हुए मुंबई जाती है। बीते 24 अप्रैल को उद्घाटन होने के बाद चार मई से इसका नियमित संचालन शुरू किया गया है। पहले दिन ही इसकी सभी सीटें फुल रहीं। स्थिति यह है कि 29 जून तक इसके शयन यान में कोई सीट खाली नहीं है। यदि पीडीडीयू नगर के लोकमान्य तिलक (मुंबई) तक की स्थिति देखें तो अमृत भारत में 11 मई को 118, 18 को 108, 25 मई को 103, एक जून को 109, आठ को 100, 15 जून को 105, 22 जून को रिग्रेट बता रहा है। हालांकि 29 जून को 55 नंबर आरएसी है। अन्य ट्रेनों के मुकाबले इस ट्रेन का किराया देखें तो लगभग 10 प्रतिशत अधिक किराया इसमें लग रहा है। पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन-लोकमान्य तिलक टर्मिनस तक के लिए गोड्डा लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, मुंबई मेल के स्लीपर का किराया 650 रुपये है, जबकि पटना-लोकमान्य तिलक जनता एक्सप्रेस का किराया 620 रुपये है। वहीं अमृत भारत एक्सप्रेस का किराया 705 रुपये है। हालांकि स्पेशल ट्रेन से मुंबई जाएंगे तो दानापुर-लोकमान्य तिलक स्पेशल का किराया 795 रुपये है। इस संबंध में वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक राजीव रंजन का कहना है कि अमृत भारत एक्सप्रेस आम लोगों को ध्यान में रख कर चलाई गई है। तेज रफ्तार और अत्याधुनिक सुविधाओं के कारण ही यह ट्रेन लोकप्रिय होगी।