चकिया में आदित्य नारायण राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य को निलंबित करने की मांग करते लोग। संव
- फोटो : 1
चकिया। आदित्य नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में छात्र के स्वतंत्रता दिवस के मंच पर छात्र से उठक-बैठक कराने का वीडियो वायरल होने और दूसरे छात्र से मारपीट से नाराज अभिभावकों ने मंगलवार को जुलूस निकाला। इसके बाद तहसील परिसर पहुंचकर धरने पर बैठ गए और प्रधानाचार्य के निलंबन की मांग करने लगे। रात नौ बजे एडीएम ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब धरना समाप्त हुआ।
आदित्य नारायण इंटर कॉलेज में 15 अगस्त के कार्यक्रम के दौरान सोशल मीडिया पर छात्र के उठक-बैठक करने का वीडियो वायरल हुआ था। आरोप है कि प्रधानाचार्य ने उठक-बैठक कराई थी। वहीं, एक अन्य छात्र ने बिना ड्रेस आने पर प्रधानाचार्य पर मारपीट करने का आरोप लगाया था। इससे अभिभावकों और छात्रों मंगलवार को मोर्चा खोल दिया।
शैलेश कुमार के नेतृत्व में यश सोनकर, राजेश, सोनू राव, ओम पांडेय, बिंदु देवी, उषा देवी, कंचन देवी, बसंती, प्रभावती आदि ने इंटर कॉलेज के पास से जुलूस निकाला और तहसील परिसर पहुंचे, जहां धरने पर बैठ गए। इस दौरान लोग छात्रों की आवाज दबाना बंद करो, हमारी मांगें पूरी करो, प्रधानाचार्य को निलंबित करो के नारे लगाते रहे।
धरने की सूचना पर प्रभारी एसडीएम, तहसीलदार देवेंद्र यादव और कोतवाल अर्जुन सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे डीएम को ही पत्रक सौंपने की मांग पर अड़े रहे। रात नौ बजे एडीएम रतन कुमार मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वावान देकर धरने पर बैठे लोगों से पत्रक लिया। इसके बाद धरना समाप्त हो गया