पीडीडीयू नगर। जिले में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से लोगों में दहशत है। चौबीस घंटे के भीतर सदर सर्किल में दो व सकलडीहा सर्किल में एक हत्या से लोगों में दहशत है। वहीं जिले में पिछले दिनों हुई लूट की घटनाओं में शामिल बदमाशों के अब तक नहीं पकड़े गये।
सदर सर्किल क्षेत्र के अलीनगर थाना क्षेत्र के गोधना गांव स्थित काशीपुरा बस्ती निवासी राजमिस्त्री गुड्डू चौहान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। खून से लथपथ गुड्डू का शव उसकी जमीन पर बने मचान पर मिला । वहीं मंगलवार की सुबह लगभग साढ़े दस बजे मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के डांडी स्थित एक प्लाट में मंगलवार की सुबह लगभग साढ़े दस बजे वाराणसी निवासी विक्की शर्मा का शव मिला था। उसकी सिर कूंचकर हत्या की गई थी। मंगलवार को ही सकलडीहा सर्किल के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के बथावर गांव की पोखरी में युवक का खून से लथपथ शव मिला था। युवक दो दिनों से घर से गायब था। परिवार वालों के अनुसार युवक तीन दिन पूर्व मोबाइल पर फोन आने के बाद घर से रात में खाना खाने के बाद निकल गया था। परिजनों ने युवक की हत्या का आशंका जताई है। ग्रामीणों के अनुसार युवक की जीभ बाहर निकली हुई थी। जो कि हत्या की ओर इशारा कर रही है। इसके अलावा सकलडीहा सर्किल के धानापुर थाना और सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र में ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से हुई लूट का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है जबकि सदर सर्किल के सदर कोतवाली क्षेत्र के फगुईयां गांव में लूट की नीयत से बदमाशों ने ग्राहक सेवा केंद्र संचालक को गोली भी मारी थी ।