नगर पंचायत स्थित शंकर मोड़ के समीप बृहस्पतिवार की देर शाम एक बेकाबू निजी एंबुलेंस ने लगभग आधा दर्जन लोगों को टक्कर मार दिया। इससे अफरा-तफरी मच गई। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों में विसुनपुर निवासी जगजीवन राम (50), बबुरी निवासी मनोज (22), मसौनी निवासी प्रीति (28), रघुनाथपुर निवासी लक्ष्मण (75) और बबुरी निवासी अर्जुन (70) शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया, जबकि अर्जुन की हालत गंभीर होने पर उन्हें भर्ती किया गया है। बताया गया कि एंबुलेंस बिहार के सासाराम स्थित एक निजी अस्पताल की थी, जो वाराणसी से मरीज छोड़कर लौट रही थी। इसी दौरान शंकर मोड़ के पास वाहन अनियंत्रित हो गया और बाइक सवार लोगों व पैदल राहगीरों को टक्कर मार दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने एम्बुलेंस को कब्जे में लेकर चालक को पकड़ लिया है। प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह ने बताया कि हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं। एम्बुलेंस को कब्जे में लेकर चालक को पकड़ लिया गया है। वहीं जिला अस्पताल के डॉ. संजय ने घायलों के इलाज की पुष्टि की है।