पीडीडीयू नगर। कोरोना के चलते पिछले दो माह से बंद सरकारी अस्पतालों में ओपीडी सेवा सोमवार से शुरू हो जाएगी। इससे इलाज कराने में लोगों को सहुलियत मिलेगी। हालांकि चकिया जिला संयुक्त चिकित्सालय, भोगवारे, धानापुर और एमसीएच विंग सहित कोविड अस्पतालों में अभी ओपीडी सेवा नहीं शुरू होगी।
कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव के चलते मार्च के दूसरे पखवाड़े से सभी अस्पतालों में ओपीडी सेवा बंद कर दी गई थी। अस्पतालों में सिर्फ कोविड जांच, टीकाकरण आदि किया जा रहा था। कोरोना कर्फ्यू के बीच अस्पतालों में ओपीडी सेवा बंद होने से कोरोना से इतर दूसरी बीमारियों से ग्रसित लोगों को इलाज कराने के लिए निजी चिकित्सालयों की शरण लेनी पड़ रही थी। अब कोरोना संक्रमण का प्रभाव तेजी से कम हो रहा है। जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या दो सौ के नीचे पहुंच गई है। वहीं कोविड अस्पतालों में भर्ती मरीजों की संख्या भी कम हो गई है। मंगलवार से जिले में दुकानों को खोलने की इजाजत दी गई है। इसको देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जिले के पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल सहित सभी सीएचसी व पीएचसी में ओपीडी शुरू की है। सोमवार से अस्पतालों में चिकित्सक सुबह नौ से दोपहर दो बजे तक मरीजों का इलाज करेंगे। जिला अस्पताल में जच्चा और बच्चा के इलाज की व्यवस्था रहेगी। हालांकि कोविड अस्पताल के रूप में चकिया जिला अस्पताल सहित चार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ओपीडी नहीं चलेगी। अस्पतालों में ओपीडी सेवा शुरू होने से लोगों को राहत मिलेगी। इस संबंध में सीएमओ डॉ. बीपी द्विवेदी ने बताया कि सोमवार से अस्पतालों में ओपीडी सेवा शुरू होगी। हालांकि जिला अस्पताल परिसर में संचालित 100 बेड के एमसीएच (मातृ व शिशु) विंग को कोरोना आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। ऐसे में अब जिला अस्पताल में ही जच्चा-बच्चा वार्ड को सक्रिय किया जाएगा। सोमवार से यहां भी प्रसूताओं की जांच और उपचार की सुविधा शुरू हो जाएगी।