पीडीडीयू नगर। शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत दिसंबर में सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। इसके लिए विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार दाखिला पाने व न पाने वाले सभी विद्यार्थियों को ऑनलाइन ट्रैक किया जाएगा।
गरीब परिवारों के बच्चों को निशुल्क देने के लिए शासन की ओर से आरटीई योजना का संचालन किया जा रहा है। बीएसए सचिन कुमार ने बताया कि इस बार शासन की ओर से हर चरण में प्रवेश न पाने वाले बच्चों को किन कारण से दाखिला नहीं मिला, इसकी समीक्षा की जाएगी। इतना ही नहीं संबंधित अधिकारियों व निजी स्कूलों की जवाबदेही तय होगी। आरटीई के तहत प्रवेश लेने में स्कूल प्रबंधन मनमानी करते हैं। इस बार उनकी मनमानी भी नहीं चलेगी। बताया कि अगर किसी बच्चे के आवेदन फॉर्म में कोई कमी है तो ब्लॉक स्तर पर हेल्प डेस्क पर अभिभावकों को बुलाकर उसे दूर कराया जाएगा। इतना ही नहीं विशेष चरण में छूटे हुए बच्चों को दाखिला दिलाया जाएगा। आरटीई के तहत निजी स्कूलों की 25 प्रतिशत सीटों पर प्रवेश के लिए दिसंबर से प्रक्रिया शुरू होगी। बच्चों का ऑटोमेटेड परमानेंट एकेडमिक अकाउंट रजिस्ट्री (अपार) आईडी और अभिभावकों का आधार कार्ड से सत्यापन किया जाएगा। संवाद