शहाबगंज। क्षेत्र के अमांव गांव में रविवार को करंट की चपेट में आने से श्यामलाल उर्फ़ नंदू यादव (58) की मौत हो गई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे का कारण बताया। शुक्रवार को बारिश के दौरान नंदू यादव के दरवाजे पर बिजली का खंभा गिर गया था। पोल के साथ बिजली के तार भी जमीन पर पड़े थे। ग्रामीणों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद विभागीय कर्मचारी मौके पर पहुंचे और 25 केवीए ट्रांसफार्मर से केबल को हटा दिया।
इसके बावजूद रविवार को दोपहर करीब तीन बजे अचानक गिरे हुए तार में करंट प्रवाहित हो गया। उसी दौरान नंदू यादव किसी कार्य से दरवाजे के पास पहुंचे और करंट की चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही शहाबगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। इस संबंध में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामले की जांच की जाएगी। बिजली विभाग को सूचना दे दी गई है।